आप के ट्रांसपोर्ट मंत्री और नजफगढ़ से कैलाश गहलोत, विधानसभा की उपाध्यक्ष और मंगोलपुरी से प्रत्याशी राखी बिड़लान और आप की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और प्रवक्ता आतिशी ने कालकाजी से शुक्रवार को रैली निकालकर अपना नामांकन शुक्रवार को दाखिल किया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आयोग को दिए हलफनामे में कैलाश गहलोत की पांच साल में सालाना आय दोगुनी हुई है। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के नामांकन के लिए चुनाव आयोग को दिए हलफनामे वर्ष 2018-19 की सालाना आय करीब 2 करोड़ 30 लाख बताई है। वहीं, पिछले चुनाव के हलफनामे वर्ष 2013-14 में सालाना आय 96 लाख 26 हजार रुपए थी। कैलाश गहलोत की चल संपत्ति 8 करोड़ रुपए है।
इसमें कैश, शेयर, खाते में जमा राशि, दो कार, गोल्ड सहित अन्य शामिल है। वहीं, अचल संपत्ति 25 करोड़ रुपए के आसपास है। इसमें कृषि भूमि, घर, कमर्शियल बिल्डिंग शामिल है। पिछले साल गहलोत के पास चल संपत्ति 7 करोड़ 12 लाख और अचल संपत्ति की कीमत करीब 17 करोड़ रुपए के आसपास थी। गहलोत के पास दो कार मर्सडीज और फॉर्च्यूनर है। उनके ऊपर 2020 में करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए का लोन भी बताया गया है। गहलोत पर कोई मामला दर्ज नहीं है। गहलोत की पत्नी मौसमी के पास 6 करोड़ 64 लाख की चल संपत्ति और अचल संपत्ति करीब 4 करोड़ 72 लाख रुपए के करीब की है।
आतिशी के नाम पर न कोई कार, न बंगला
कालकाजी से उम्मीदवार आतिशी अपने पति प्रवीण सिंह से डेढ़ लाख रुपए सालाना ज्यादा कमाती है। आतिशी की वर्ष 2018-19 की सालाना आय 5 लाख 20 हजार 507 रुपए है। वहीं, उनके पति प्रवीण सिंह की सालाना आय 3 लाख 71 हजार 253 रुपए है। आतिशी के पास 59 लाख 79 हजार रुपए की चल संपत्ति है। इसमें कैश,हेल्थ इश्योरेंस पॉलिसी और बैंक खाते में राशि शामिल है। वहीं, उनके पति प्रवीण सिंह के पास 81 लाख 42 हजार रुपए की चल संपत्ति है। आतिशी और उनके पति दोनों सोशल वर्कर है। आतिशी और उनके पति के नाम पर ना तो कोई कार है और ना ही कोई बंगला है। उन पर 1 आपराधिक मामला लंबित है।
राखी बिड़लान ने पांच साल में अदा किया अपना एजुकेशन लोन
आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष और मंगोलपुरी से विधायक राखी बिड़लान ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया। राखी बिड़लान ने पांच साल में अपना एजुकेशन लोन 2 लाख 90 हजार रुपए बैंक को चुका दिया। 2020 के चुनाव के लिए राखी बिड़लान की तरफ से जमा करें गए हलफनामें में चल संपत्ति के नाम पर 76 हजार 420 रुपए है। जिसमें 40 हजार रुपए कैश और बाकी बैंक खाते में जमा है। वहीं, राखी पर सागरपुर में पॉस्को की धारा के साथ जान से मारने की धमकी देना का एक माला दर्ज है। वहीं, ना तो कोई अपनी गाड़ी है ना ही घर है। वहीं, वर्ष 2015 के चुनाव में राखी के पास चल संपत्ति के नाम पर 18 हजार रुपए थी। वहीं, उनके नाम पर 2 लाख 90 हजार रुपए का लोन था। इसके अलावा दो एफआईआर भी दर्ज थी।
सीएम केजरीवाल आज करेंगे नामांकन
आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और नई दिल्ली से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल अपना नामांकन भरेंगे। इससे पहले वह रोड शो निकालेंगे। शनिवार को बाबपुर विधानसभा के लिए गोपाल राय अपना नामांकन दाखिल करेंगे। राय ने बताया कि 23 जनवरी से हम कैंपेन के आखिरी चरण की शुरुआत करेंगे। इस कैंपेन को शुरू करने से पहले अगले 5 सालों में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर जो काम किए जाएंगे, उसका एक गारंटी कार्ड लांच किया जाएगा, जो ‘केजरीवाल का गारंटी कार्ड’ नाम से जारी होगा।
अब तक 59 पर्चे दाखिल
अब तक 59 प्रत्याशियों ने 73 नामांकन दाखिल किए हैं। शुक्रवार को आप की ओर से कैलाश गहलौत, राखी बिड़लान, आतिशी, गुलाब सिंह, सही राम, दुर्गेश पाठक, शरद कुमार, सोमदत्त, राम सिंह नेताजी, विनय कुमार मिश्रा, राजेश नामा बंसीवाला, नरेश यादव और प्रमिला टोकस ने नामांकन किए।